Wednesday, April 9, 2014

मेघवंश

भूमिका : 

नि:संदेह 'आर्यों' का एक घुमन्तु कबीला था. वह पशुपालन के लिए नए चरागाहों की खोज में घूमता रहता था. इसी सिलसिले में उन्हें भारत के सिंधुघाटी क्षेत्र की विकसित सभ्यता का पता चला. सिंधु घाटी सभ्यता कृषि भूमि सम्पदा से भरपूर थी. यहाँ पर राजऋषि मेघऋषि की एक कृषि प्रधान अत्यन्त विकसित सभ्यता थी.

सम्पूर्ण सप्तसिन्धु प्रदेश राजऋषि ‘वृत्र’ के अधिकार में था. जिस प्रकार महादेव को आर्य लोग पार्वती के रिश्ते से पहले महासुर (महा+असुर) कहते थे, उसी प्रकार ये ‘वृत्र’ को भी ‘वृत्रासुर’ नाम से पुकारते थे. महाभारत के आदि पर्व में भीष्म ने ‘वृत्र’ को अनेक गुणों, कीर्ति, शौर्य, धार्मिकता और ज्ञान-विज्ञान का स्वामी माना है.

इन्द्र ने जैसे ही छलकपट से रात्रि के अंधकार में मेघऋषि वृत्रासुर के महल में घुसकर उसकी हत्या की (ऋग्वेद् के अनुसार) तो इन्द्र चारों ओर से पापों में घिर गया. मेघऋषि की हत्या करने के कारण इन्द्र को पाँच पाप लगे थे, जिनमें एक ‘ब्रह्म-हत्या’ का भी था. मेघऋषि को उसकी विद्वत्ता और महान धार्मिकता के कारण ब्राह्मण कहा गया है और आर्यों ने उसकी हत्या को ‘ब्रह्म-हत्या’ के समान माना है. सम्भवत: इसी कारण लोग वृत्र को ‘ब्राह्मण’ या ‘ब्रह्मा’ का पुत्र समझते हैं. वह महा धर्मपरायण व्यक्तित्व का स्वामी था. ब्रह्मपुराण तो इस बात को स्पष्ट करता है कि वृत्रासुर यानि राजऋषि महामेघ वृत्र ही सिन्धु घाटी की विस्मयकारी सभ्यता का जनक था और वह अनार्य (भारत के मूलनिवासी) शासकों में सर्वाधिक बलवान धार्मिक राजा था. यही वृत्र ‘मेघऋषि’ नाम से हमारे द्वारा जाना जाता है.

ऋग्वेद (शलोक 4-19-8, 2-11-15 और 2-20-7) के अनुसार सात नदियों (सुरसती, सतलुज, व्यास, रावी, चिनाब, जेहलम और सिन्ध) द्वारा सिंचित प्रदेश राजऋषि वृत्र (जिसे आर्य लोग अहिवृत्र या वृत्रासुर कहते थे) के अधीन था. उसे (ऋग्वेद् 2-12-3 में) अहि अथवा ‘नाग’ कुल का संस्थापक भी कहा गया है. विभिन्न इतिहासकारों द्वारा भी शोधों के आधार पर यह सिद्ध किया जा चुका है कि सम्पूर्ण भारत पर नागवंशियों का शासन था. 

नाग (असुर) मूलत: शिव उपासक बताए गए हैं. लाल प्रद्युम्न सिंह ने ‘नागवंश का इतिहास’ में बताया है कि नागवंशियों को उनकी उत्तम योग्यताओं, गुणवत्ता, व्यवहार व कार्यशैली के कारण देवों का दर्जा दिया गया है. वे वास्तुकला आदि में निपुण थे. नागवंशियों का सम्पूर्ण भारत पर राज्य था. सिन्धु सभ्यता में मिली मोहरों पर पशु व सांप के चिह्न पाए गए हैं. नागवंश के लिए सर्प की पूजा का प्रचलन था. ये प्रागैतिहासिक समय में सम्पूर्ण भारत के शासक थे. वंशावली बढ़ने से उनके अलग-अलग स्थानीय वंश हुए तथा बाद में अधिकतर ने वैष्णव धर्म अपना लिया एवं शिव को भी वैष्णव धर्म का देवता मान लिया गया. ऋग्वेद् का यह कहना, ‘मेघों में प्रथम मेघ वृत्रमेघ थे,’ सिद्ध करता है कि ‘मेघवाल’ या ‘ऋषिपुत्र’ होने से ‘ऋषिया’ (रिखिया) या ‘ऋषि’ (रिषी) या ‘मेघवंशी’ कहते आए हैं, जो एक दूसरे के पर्यायवाची शब्द हैं, अलग-अलग जातियाँ नहीं हैं.

पुराणों के अनुसार ब्रह्मा को आदिपुरुष व सृष्टि का रचयिता माना गया है. ब्रह्मा का पुत्र मरीची था और मरीची का पुत्र कश्यप था. दक्ष के अदिती तथा दिती दो जुड़वा पुत्रियाँ हुईं. इनकी एक अन्य बहन थी –सति. सति की शादी शिव से हुई तथा दिती व अदिती की शादी कश्यप से हुई. अदिती से पैदा हुई सतानें अदैत्य-सुर (Aryans) कहलाईं तथा दिती की संतानें दैत्य-असुर (Dasyu/ Anaryanas) कहलाईं. कश्यप की अन्य पत्नी कंद्रु से नाग तथा दानु से दानव पैदा हुए. इस प्रकार सुर-असुर, दानव, नाग सभी कश्यप की संतानें थीं. लेकिन उनके धार्मिक मत भिन्न-भिन्न थे. अदैत्य (सुर) विष्णु को अवतार मानते थे और कर्मकाण्ड में विश्वास रखते थे, जबिक दैत्य (असुर) विष्णु को अवतार नहीं मानकर आडंबरों का मज़ाक उड़ाते थे और समानता में विश्वास करते थे.

अनेक विद्वान सुर तथा असुर को एक ही पिता की संतान होने की बात स्वीकार नहीं करते. प्रह्लाद का पिता असुर (अनार्य) वंश का राजा हिरण्यकश्यप सुरों (आर्यों) का सैद्धान्तिक विरोधी था. उसके छोटे भाई हिरणाक्ष के जनता में बढ़ते प्रताप से कुपित होकर विष्णु ने वराह का अवतार बनकर हिरणाक्ष को मारा. इस बात से हिरण्यकश्यप विष्णु से नाराज़ था. उसे विष्णु ने नरसिंह अवतार बनकर मारा. हिरण्यकश्यप के पुत्र प्रह्लाद ने वैष्णव विचारधारा को अपनाया. उसका पुत्र वीरोचन था. वीरोचन का पुत्र राजा महाबली दैत्य (असुर-अनार्य) वंशावली का शासक था. उसका असली नाम इन्द्रसेन था. केरल राज्य में ट्रिक्करा –(Trikkara) उसकी राजधानी थी. उसने अपने राज्य को जनपदों में बांटकर उनका प्रशासन राजकुमारों (गवर्नरों) को दे रखा था. उसका पुत्र बाणासुर असम क्षेत्र का गर्वनर था. राजा महाबली बड़ा धार्मिक राजा था. उसके राज्य में कोई भी ऊँच-नीच नहीं था. वह सभी का सम्मान करता था. अपने दादा प्रह्लाद की भांति वह भी विष्णु का भक्त था. लेकिन उसे अपने पूर्वजों के साथ आर्यों द्वारा किए गए कपट का ज्ञान था. उसने आर्यों की राजधानी अमरावती पर आक्रमण कर दिया तथा अपने पराक्रम से सम्पूर्ण सिन्धु क्षेत्र पर अधिकार करके सौ अश्वमेघ यज्ञ किए (सौ लड़ाइयाँ जीतीं). आर्यों ने हार कर उसकी शरण ली. उसने दयाभाव से आर्यों को शरण दे दी. शरण लेने के बावजूद उसके दैत्य (असुर) होने के कारण आर्य (सुर) उससे मन ही मन घृणा करते थे. विष्णु ने एक ‘वामन’ नामक ब्राह्मण के रूप में उनको वचनबद्ध कर बिना किसी रक्त क्रान्ति के उसका सम्पूर्ण राज्य दान में ले लिया. अपने पिता के साथ हुए धोखे से व्यथित होकर बाणासुर ने आर्यों से लड़ाई करने की ठानी लेकिन शिव ने उसका वध कर दिया. उसी मेघवंशीय असुर महाराजा महाबली के कुल के इन मेघवालों को ‘बलाई’ भी कहा जाता है. बलाई लोग ‘अला बला जाए, बलि का राज आए’ कहकर अपने सम्मान व सत्ता की वापसी की कामना करते हैं.

विजेता लोग प्राय: अपने विरोधियों के साहित्य को जलाकर या डुबोकर एवं शिलालेखों को तोड़-फोड़ कर नष्ट कर दिया करते थे और यह भी प्रयास करते थे कि सत्ता में हारे हुए लोग पुन: सिर उठाने की हिम्मत न करें. ‘मेघवंश’ के इतिहास को भी इसी प्रकार नष्ट कर दिया गया. इतिहास चेतना, इतिहासकारों की प्रतिबद्धता एवं पुरातात्विक सामग्री के पूर्ण विश्लेषण के अभाव में आधुनिक राजवंश भारतीय इतिहास में उचित स्थान नहीं पा सके.

श्री नवल वियोगी की पुस्तक ‘सिन्धु घाटी के सृजनकर्ता-शूद्र और वणिक’ में जिस सिन्धु घाटी क्षेत्र का वर्णन है, उसमें समूचा पश्चिमोत्तर अविभाजित भारत, जिसमें सम्पूर्ण पाकिस्तान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का भू-भाग आता है. यही क्षेत्र मेघऋषि का क्षेत्र था, क्योंकि इसी क्षेत्र में मेघ, मेघवाल, मेघवंशी इत्यादि पर्यायवाची नाम से जानी जानेवाली ‘मेघऋषि’ की जातियों का बाहुल्य रहा है.

असुर शब्द ‘इशु’ (असु) से बना है, जिसका अर्थ है ‘ईश्वर’. ऋग्वेद में असुर इसी अर्थ में प्रयुक्त हुआ है. ‘असु: प्राणो विद्यते यस्मिन् स असुर:’ अर्थात् जिसमें प्राण, बल अथवा सामर्थ्य हो, वह असुर है. ‘असुर’ सुर का विलोम शब्द है, जिसका अर्थ हुआ, ‘सुर-विरोधी’. कुछ विद्वानों के अनुसार ‘दानव’ का अर्थ ‘दानी’ और ‘दमनशील,’ ‘राक्षस’ का अर्थ ‘रक्षक’ और ‘पालक,’ ‘निशाचर’ का अर्थ ‘रात का पहरेदार,’ ‘रात में चोर-लुटेरों से समाज की रक्षा करने वाला’ तथा ‘असुर’ का अर्थ ‘अमछयी’ या ‘मदिरा न पीने’ वाला होता है. देव-असुर संघर्ष (देवासुर संग्राम अर्थात् आर्यों और मूलनिवासियों का प्रथम युद्ध) के बाद देवों ने असुर का अर्थ बदल दिया. भागवत पुराण में अनार्यों को यज्ञों में विध्न डालने वाला बताया गया है अर्थात् जो यज्ञों में विश्वास नहीं करते थे, उन्हें असुर कहा जाने लगा. वैदिक काल (1500-500 ई.पू) में असुरों को कर्म विरोधी, देवों के प्रति उदासीन, अद्भुत आदेशों के पालने वाले (अन्यव्रत) के रूप में कहा गया है. इस देश के मूलनिवासी धर्मात्मा और सत्यनिष्ठ राजाओं को आर्यों ने अपनी पुस्तकों में असुर, दैत्य, दानव व राक्षस आदि नामों से उल्लेख करके उन्हें अविचारी, अनाचारी, अधार्मिक और अत्याचारी सिद्ध करके उनके प्रति जनता में घृणा उत्पन्न की और अपने आर्य राजाओं की प्रंशसा कर उन्हें अवतार ही नहीं बल्कि परमेश्वर से भी अधिक महापुरुष सिद्ध करके जनता में उनकी भक्ति व भजन करने के लिए वेदों का प्रचार किया.

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि:
700 से 300 ई.पू. तक उत्तरी भारत छोटे-छोटे 16 महाजनपदों में बँट गया था. इनमें कुछ जनपदों में अनार्य (असुर) राजाओं का शासन था. ये 16 महाजनपद थे, कम्बोज (Kamboja), गांधार (Gandhar), कुरु (Kuru), पांचाल ( Panchal), कौशल (Koshala), सूरसेन (Sursena), मत्स्य (Matsya), वत्स (Vatsa) या वंश (Vansa), चेदी (Chedi) या चेती (Cheti), अवन्ती (Avanti), माला (Mala), काशी (Kashi), वज्जी (Vajji) या वृजि (Vriji), मगध (Magadha), अंग (Anga), अशाका (Assaka). मगध महाजनपद इनमें सबसे शक्तिशाली था. इन महाजनपदों में से वत्स, चेदी, मत्स्य इत्यादि महाजनपदों में अनार्य (असुर) राजाओं का राज्य था. इसी प्रयास में असुर राजाओं ने चेदी महाजनपद बनाया तथा बुंदेलखंड को राजधानी बनाया.

प्रसिद्ध इतिहासकार के.पी. जायसवाल ने मेघवंश राजाओं को चेदीवंश का माना है. भारत अंधकार युगीन इतिहास (सन् 150 ई. से 350 ई. तक) में वे लिखते हैं, ‘ये लोग मेघ कहलाते थे. ये लोग उड़ीसा तथा कलिंग के उन्हीं चेदियों के वंशज थे, जो खारवेल के वंशधर थे और अपने साम्राज्य काल में ‘महामेघ’ कहलाते थे.

भारत के पूर्व में जैन धर्म फैलाने का श्रेय खारवेल को जाता है. महाभारत के सभा पर्व (xiv 13) में महामेघवाहन व चेदीवंश का जिक्र है. कलिंग के मेघवंशीय राजा श्रुतायु ने महाभारत युद्ध में कौरवों का साथ दिया था.

चूंकि कलिंग राजा जैन धर्म के अनुयायी थे, उनका वैष्णव धर्म से विरोध निश्चित था. अत: वैष्णव धर्म का पालन करने वाले अशोक ने उस पर आक्रमण किया. आक्रमण का दूसरा कारण था, कलिंग राज्य का समुद्र तट के किनारे होने के कारण समुद्री मार्ग पर कब्जा. कलिंग के महामेघवंश के राजा खारवेल का मौर्य शासक अशोक से युद्ध हुआ जो ‘कलिंग युद्ध’ के नाम से जाना जाता है. कलिंग युद्ध में एक लाख से अधिक लोग मारे जाने व उससे भी अधिक घायल हो जाने से व्यथित होने के कारण अशोक ने बौद्ध धर्म अपनाया और अहिंसा पर जोर देकर बौद्ध धर्म को अन्य देशों तक फैलाया.

आर्यों का भारत में आगमन लगभग 1500 ई.पू. हुआ. वे मध्य एशिया से आए थे. आर्यों ने भारत के शान्ति-प्रेमी, मूलनिवासी, सिंधु सभ्यता के शासकों को हराकर उनके द्वारा बसाए नगरों एवं किलों को ध्वस्त करके उन्हें बेघर कर दिया. आर्य घुमन्तु जीवन छोड़कर वहाँ पर स्थिर हो गए. बसने के बाद आर्यों के सामने मुख्य रूप से यह समस्या आई कि वे अन्य घुमन्तु कबीलों से अपनी रक्षा कैसे करें? उन बिखरे हुए परास्त लोगों के सामने सुरक्षा और शरणस्थल की समस्या थी. इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए दोनों ने आपस में समझौता किया, जिसके अनुसार इन बिखरे हुए परास्त लोगों ने एक जगह स्थिर रूप से बसे हुए कबीलों अथवा जातियों की सुरक्षा व चाकरी करना स्वीकार कर लिया. इसलिए निर्णय लिया गया कि वे लोग गाँव के बाहर गाँव की सीमा पर रहें ताकि वे आक्रमणकारियों का मुकाबला कर सकें.

उसके बाद उनके लिए शिक्षा के द्वार ही बन्द नहीं किए, बल्कि उनकी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक उन्नति को अवरुद्ध कर, इन्हें पराधीनता की जंजीरों में जकड़ दिया गया. उनका सारा साहित्य और इतिहास नष्ट कर दिया गया. आर्यों ने मूलनिवासियों के गौरवपूर्ण इतिहास को बदलकर अपने अनुकूल बनाकर, अपने मतलब की बातें थोंप दीं. 

जो बौद्ध सम्पन्न थे, वे देश छोड़कर भाग गए और उन्होंने विदेशों में बौद्ध धर्म फैलाया. जो बौद्ध गरीब थे और अपनी विपन्नता के कारण भाग नहीं सके, उन्होंने हिन्दू धर्म स्वीकार कर लिया. जो जीत गया वह शासक बन गया और जो हार गया वह बना उसका सेवक. बाहुबलियों ने संगठन के बल पर कमजोर पर शासन किया है.

इस प्रकार भारत की कई प्राचीन वीर और जुझारू राजवंशीय जातियों का इतिहास लोप हो गया. कइयों को कमीण, कारू जातियों में परिणत कर दिया गया और कइयों की ऐसी हालत बना दी गई जिससे उनका अस्तित्व ही समाप्त प्राय: हो गया. यदि दुनिया की प्रत्येक जाति यह कहे कि उनके पूर्वज भी कभी शासक थे तो इस बात को झुठलाया नहीं जा सकता. 

आर्यों ने उन मूलनिवासियों को विभिन्न धर्मों, कर्मकाण्डों और आस्थाओं में फंसाकर उनके स्वाभिमान और स्वावलम्बी स्वरूप को छिन्न-भिन्न कर दिया. अनुलोम, प्रतिलोम और वर्णसंकर जातियों के सिलसिले में मूलनिवासियों (वंचितों/दलितों) की एकता समाप्त हो गई और वे अनेक बन्धनों में पड़ गए. इसी विभाजन की रस्साकशी में ‘मेघवंश’ भी अनेक टुकड़ों में बँट गया और इसके अनेक विभिन्न स्थानीय नाम हो गए. एक ही जाति एवं वंश के लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले जाने के कारण स्थानीय वातावरण व रीति रिवाजों से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके तथा भिन्न-भिन्न राज्यों में भिन्न-भिन्न नामों से पहचाने जाने लगे. उनके साथ अनेक सामाजिक अन्याय होने लगे और उनकी स्थिति सबसे अधिक त्रासदीदायक और शोचनीय हो गई.



2. मध्यकालीन भक्ति आंदोलन और वंचित जातियाँ

मध्ययुग का भक्ति आन्दोलन एक धार्मिक एवं सामाजिक क्रांति कहा जाता है. भक्ति अति है और कट्टरता पैदा करती है. कट्टरता, शांति और सहिष्णुता की शत्रु है. इसका प्रभाव आज भी चर्मोत्कर्ष पर है. भक्ति आन्दोलन ने देश में मूर्ति-पूजा को बढ़ा दिया, देवी-देवताओं की संख्या में बढ़ोत्तरी की एवं जगह-जगह महात्मा, गुरु, आध्यात्मिक पंथ आदि पैदा कर दिए.

महाराष्ट्र में नामदेव ने भक्ति मार्ग को बहुत लोकप्रिय बनाया. महाराष्ट्र में ही एकनाथ, तुकाराम, चोखामेला और सोहयाबाई भी उसी कड़ी में जुडें. भक्ति आन्दोलन के संतों में उत्तर प्रदेश के कबीर तथा रविदास (ई.1398-1540) प्रमुख हैं. उस समय तक छुआछूत तथा जातिवादी भावना का जोर था. उन्होंने हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच सद्भावना का प्रचार किया तथा जाति-पांति, छुआछूत और ऊँच-नीच के भेद का विरोध किया व धर्म के बाह्य आडम्बरों की खिलाफत की. सत्गुरु रविदास ऐसे प्रथम व्यक्ति थे, जिन्होंने भारत में समाजवाद का नारा बुलन्द किया. आज भी यह समझने की ज़रूरत है कि ईसा, मोहम्मद आदि पैगम्बर जो विशाल धर्मों के प्रवर्तक हैं, सभी ने एक निराकार प्रभु की बात की है, जो वर्ण-भेद, जाति-भेद तथा देश-भेद से परे है. हमारे महापुरुषों ने भी निराकार प्रभु की बात की है.

पंजाब के गुरु नानकदेव निर्गुण विचारधारा के प्रमुख सन्त थे. उनका जन्म 1469 ई. में ननकाना (पाकिस्तान) में हुआ था. कबीर की भांति उनका मुख्य उद्देश्य हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध स्थापित करना था. गुरु नानकदेव एक समाज सुधारक थे. वे वेदों और पुराणों को नहीं मानते थे. 

भक्तिकाल में रूढ़िवादिता पर चोट के कारण एक ओर दलितों में अधिकार चेतना जागृत हुई तो दूसरी ओर उनके व रूढ़िवादियों के बीच जातीय कटुता को बढ़ावा मिला. हिन्दू आडम्बरों की पोल खोलने वाले संतों, साधों तथा नाथों की सच्ची व कटु आलोचना से कुढ़कर रूढ़िवादियों ने ‘चमार’ शब्द को विभिन्न शब्द-कोषों में घृणित जाति के रूप में पेश किया.


3. चमार शब्द और घृणा का भाव

कुछ लोग समझते हैं कि ‘चमार’ शब्द चमड़े का काम करने वाली जातियों से जुड़ा है और चमड़े का काम करने के कारण ही इस नाम से इतनी घृणा पैदा हुई है. यह तर्क सही प्रतीत नहीं होता, क्योंकि पेशे को घृणित नहीं कहा जा सकता. आज बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियों में यह कार्य हो रहा है और सवर्ण लोग भी कर रहे हैं. इस तरह चमार जाति अपनी पृथक् पंचायत प्रणाली से बँधी थी और अपने प्रत्येक झगड़े-टंटे या किसी अन्य समस्या का फैसला अपने स्तर पर ही कर लेते थे.

कुछ विद्वानों का मत है कि ‘चंवर’ से ‘चमार’ शब्द की उत्पत्ति हुई है. संभवत: ‘चंवर’ शब्द का विकास ‘चार्वाक’ से हुआ है. इसका तात्पर्य कि जो ‘चार्वाक धर्म’ को मानते हैं, वे ‘चंवर’ हैं. ‘चार्वाक धर्म’ नास्तिक धर्म है. यह वैष्णव धर्म में विश्वास नहीं करता. यह समानता का पाठ पढ़ाता है तथा झूठे आडम्बरों की पोल खोलता है. चंवर, चामुण्डराय, हिरण्यकश्यप, महाबलि, कपिलासुर, जालंधर, विषु, विदुवर्तन आदि भी ‘चार्वाक धर्म’ को मानने वाले शासक हुए हैं. चार्वाक शब्द ‘चारू (मीठा)’ एंव ‘वाक्’ (बोलने वाला)’ की संधि से बना है, जिसका अर्थ है –‘मीठा बोलने वाला’. लेकिन वैष्णव मतावलंबियों ने इस धर्म के अनुयायियों को ‘हमेशा चरने वाले’ अर्थात् ‘अधिक खाने वाले’ तथा ‘चबर-चबर’ करने वाले अर्थात् ‘अधिक बोलने वाले’ घोषित कर दिया. यह भी प्रचार किया गया है कि ‘चार्वाक धर्म’ का ध्येय केवल खाना-पीना और मौज उड़ाना है. कर्ज लेकर घी पीना है. अत: इसी धार्मिक विरोध के कारण ही ये घृणा उपजी थी और इस घृणा का आधार ‘चार्वाक धर्म’ के प्रति घृणा ही थी. वैष्णव मतावलंबियों ने ‘चार्वाक धर्म’ का साहित्य जला डाला. जहाँ भी ‘चार्वाक धर्म’ का व्यक्ति दिखाई दे, उसे मारने तक के आदेश दिए गए थे.

प्रतिबन्धों के बावजूद ‘चंवर’ अर्थात् ‘चमार समाज’ ने अपनी योग्यता के बल पर वैष्णव मतावलंबियों को परेशान कर रखा था. उनके ऐशो-आराम में बाधा पड़ रही थी. उनके द्वारा रचे जा रही ढपोरशंखी धार्मिक मान्यताओं को चलाने में परेशानी हो रही थी. समाज को बेवफूक बनाकर उल्लू सीधा करने वाले आडंबरों के विरुद्ध ‘चमार समाज’ की ज्ञान व तर्क करने की महान क्षमता, श्रम के बल पर सदैव विश्वास करके जीवन जीने की महान कला, परहित में जीवन होम कर देने की सद्-इच्छा वैष्णव मतावलंबियों के आड़े आती रही. इसलिए उन्होंने अपना उल्लू सीधा करने के लिए ‘चंवरों’ पर अनेक प्रतिबंध थोंप दिए.

प्रतिबंधों के कारण चाहे ‘चमार-समाज’ अकेला पड़ गया, फिर भी वह अपनी शासन व्यवस्था के लिए किसी का मोहताज नहीं रहा और न ही किसी को अपने ऊपर हावी होने दिया. इस समाज का अध्ययन एवं सर्वे करने से पता चलता है कि इसने ब्राह्मणों की मनुस्मृति के कानून-विधान की परवाह नहीं की. वह इन अमानवीय विधानों की धज्जियाँ उड़ाता रहा, चाहे उसे कितनी ही मुसीबतों का सामना क्यों न करना पड़ा हो. ब्राह्मण वर्ग ने जैसे ‘सवर्ण समाज’ की रचना की, वैसे ही चमार वर्ग ने भी ‘चमार आत्मनिर्भर समाज’ गठित किया.

चूँकि चमार जाति अपनी पृथक पंचायत प्रणाली से बंधी थी और अपने प्रत्येक झगड़े-टंटे या किसी अन्य समस्या का फैसला अपने स्तर पर ही कर लेती थी अतः इस समाज की न्याय प्रणाली एवं इसकी आजीविका को पसंद करके कई अन्य जातियाँ इसमें सम्मिलित हो गईं थीं.

‘चमार’ जाति को अत्यंत अस्पृश्य व नीच बनाने का श्रेय शब्द-कोषकारों को भी जाता है. जातिवाचक शब्दों पर ‘हंस’ अगस्त 1998, पूर्णांक 144, वर्ष 13 अंक 1, में श्री भवदेय पाण्डेय का लेख ‘सवर्ण मानसिकता और पुरुषवादी कुण्ठा’ लेख छपा था. इस आलेख में कहा गया है,- ‘इतिहास  साक्षी है कि संस्कृत और हिन्दी के ब्राह्मणवादी पोंगापंथियों की तरह हिन्दी शब्द-कोषकारों ने भी ‘चमार’ वाचक शब्दों के साथ भारी छल किया है. संस्कृत के शब्द-कोष ग्रथों में ‘चमार’ को नीच जाति नहीं कहा गया था. जातीय कुण्ठा की चरम अभिव्यक्ति हिन्दी शब्द-कोष ग्रंथों में हुई है.

इस देश में झगड़ा केवल आर्य और अनार्य का है. रूढ़िवादी कहते हैं कि मनुष्य जन्म से छोटा-बड़ा होता है. ये यहाँ के मूलनिवासियों को अपने से छोटा समझते हैं, जबकि हमारे महापुरुषों ने समय-समय पर इस गलत फहमी को दूर किया है और माना है कि सब मानव बराबर हैं, कोई छोटा या बड़ा नहीं है. इस बात को संसार के सभी महापुरुष मान चुके हैं कि आदमी जन्म से नहीं, अपने कर्म से छोटा या बड़ा बनता है. सिंधु निवासी आडंबरों व अंधविश्वासों में भरोसा नहीं करते थे, उन्हें आर्यों ने मारा. बौद्ध धर्म ने जाति-प्रथा को तोड़कर समानता सिखाई तो बौद्धों को मारा गया. बौद्ध धर्म के पतन के बाद हिन्दू धर्म में सवर्णों व शूद्रों में असमानता का व्यवहार इतना गहरा हो गया कि शूद्रों द्वारा अपने अधिकारों की माँग किए जाने पर उनको इतना प्रताड़ित किया जाने लगा कि पुन: वे अपना सिर नहीं उठा सकें तथा उनकी हालत देखकर दूसरे शूद्र लोग भी भय के कारण अपना मुँह नहीं खोल सकें. भारत में बाहर से आए विदेशी आक्रमणकारियों की जीत के बाद उन्हें सवर्णों द्वारा स्वीकार कर लिया जाता रहा है तथा उनसे छुआछूत की भावना भी नहीं रखी जाती रही है. लेकिन बड़े आश्चर्य की बात है कि रूढ़िवादी सवर्ण लोगों द्वारा हिन्दू धर्म में होते हुए भी यहाँ के मूलनिवासियों (शूद्र-दलितों) को अभी तक शूद्र, अछूत, अग्राह्य व अनावश्यक समझा जाता है, परंतु वे इन्हें छोड़ना भी नहीं चाहते, क्योंकि ये उनकी आवश्यक वस्तुओं के उत्पादन के मूल स्तम्भ हैं.

अंग्रेज़ों के आगमन के बाद

भारत में इस्लाम शासन ने जनता का आर्थिक शोषण तो किया ही, उसे पिछड़ेपन की ओर भी धकेल दिया. अंग्रेजों ने यहाँ फैले अंधविश्वासों और कुप्रथाओं का अंत करना शुरू किया. उन्होंने अरबी व फारसी और अंग्रेजी व एंग्लोवर्नेकुलर (उर्दू-हिन्दी) के स्कूल खोले. शहरों में बड़े-बड़े कारखाने खोले गए. इससे दलितों को पढ़ने व रोजगार का अवसर मिला, जिससे उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ.

1920 ई. में एम.जी. डब्ल्यू ब्रिंग्स द्वारा लिखित ‘दि चमार्स’ नामक पुस्तक में मेघवंशीय 1156 जातियों के ‘चमार’ होने का उल्लेख किया था. लेकिन शीघ्र ही इस नाम से घोर नफ़रत की जाने लगी थी. सुधारवादी आन्दोलनों में यह निर्णय लिया गया कि ‘चमार’ शब्द से समाज को पग-पग पर अपमान झेलना पड़ता है, इसलिए ‘चमार’ जैसे अपमानजनक जाति सूचक शब्द से छुटकारा दिलाया जाए तथा उन लोगों से भी यह काम छुड़वाया जावे जो दलितों की आबादी के पाँच प्रतिशत से भी कम हैं. इसलिए अस्मिता जागरण काल में चमार नाम के पुछल्ले से पीछा छुड़ाने के लिए विभिन्न क्षेत्रीय आन्दोलनों में एक ही जाति अनेक नामों में परिवर्तित हो गई. ये अनेक टुकड़े अपने को एक दूसरे से अलग समझने लगे तथा एक दूसरे से ऊँचा बनने की होड़ में अपनी संगठन शक्ति खो बैठे. यदि ये सब उपजातियाँ ‘केवल एक’ जाति के रूप में संगठित हो जाएँ तो वे अपने जीवन में एक बहुत बड़ा परिवर्तन ला सकती हैं. सफलता की सबसे पहली शर्त स्वाभिमान तथा आत्मविश्वास ही होती है.
 
महर्षि दयानन्द ने आर्य समाज की स्थापना की. आर्य समाज का जब खूब प्रचार-प्रसार हुआ तो बहुत से लोगों ने ‘आर्य’ लगाकर जाति नाम बदला. आजकल लोगों द्वारा अपने नाम के पीछे ‘भारती’ लगाने का रिवाज-सा चल पड़ा है.

पंजाब में बाबू मंगूराम मुगोवालिया ने ‘आदिधर्म’ आन्दोलन शुरू किया. उन्होंने सन् 1925 में ‘आदिधर्म मण्डल’ की स्थापना की. पंजाब में आज मूल आदिधर्म जाति में चमार, जटिया, चामड़, चामड़िया, रैहगर, रायगर, रामदासी, रविदासी, जुलाहा, कबीरपंथी, मेघ, भगत, कोली,कोरी, पासी, मेघवाल आदि चंवर जाति की ही उपजातियाँ हैं. सन् 1928 में जब साईमन कमीशन भारत आया तो लाहौर में साईमन कमीशन के सामने मंगूराम मुगोवालिया ने लाखों आदिधर्मियों का नेतृत्व करके जबरदस्त प्रदर्शन किया. सर ज्योकरे जब 12 अक्टूबर, 1929 को जालन्धर (पंजाब) में आए तो आदिधर्म मण्डल के प्रतिनिधि उसे मिले और अपने अलग धर्म के विषय में बातचीत की. पंजाब तथा भारत सरकार ने तत्काल ‘आदिधर्म’ को मान्यता प्रदान कर दी जिसके परिणामस्वरूप 1931 में सभी आदिधर्मियों ने अपना धर्म ‘आदिधर्म’ लिखाकर अपने संगठन का परिचय दिया.

आन्ध्र में ‘आदिआन्ध्रा,’ कर्नाटक में ‘आदिकर्नाटका,’ तथा तमिलनाडु’ में ‘आदिद्रविड़’ आन्दोलन शुरू हुआ. आदिधर्म द्वारा यह प्रचार किया गया कि हम इस देश के आदिनिवासी (मूलनिवासी) हैं.

राजस्थान और गुजरात में स्वामी गोकुलदास जी ‘मेघवंश’ नाम से समाज को एक सूत्र में संगठित कर रहे थे. वे डूमाड़ा (अजमेर) के रहने वाले थे. इन्होंने 1935 में दौराई ग्राम में 290 गाँवों की आम सभा बुलाई तथा ‘राजस्थान मेघवंश महासभा’ का गठन किया. महासभा का एक अधिवेशन 1935 में अहमदाबाद में हुआ. इन्होंने समाज को एक नाम देने के लिए सन् 1935 में ‘मेघवंश इतिहास’ नामक पुस्तक लिखी, जिसका संशोधित संस्करण 1960 में प्रकाशित हुआ.

राजस्थान और दिल्ली में आचार्य स्वामी गरीबदास जी, जो भोजपुरा (जयपुर) के बलाई थे, ने मेघवाल, बलाई, भांबी आदि मूलत: कपड़े बनाने का कार्य करने वाली जाति को ‘सूत्रकार’ नाम से संगठित किया. उन्होंने ‘अखिल भारतीय सूत्रकार महासभा’ का गठन कर समाज को बेगार मुक्त करने का एक पुरजोर आन्दोलन छेड़ दिया. पहले सूत्रकार आन्दोलन से मेघवाल समाज का सामाजिक स्तर बढ़ा.

दलितों के गौरवमयी अतीत को लौटाने के लिए भारत रत्न बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडर ने प्रकाश स्तम्भ का कार्य किया. उन्होंने सभी दलित जातियों को एक झण्डे के नीचे इकट्ठा होने का आह्वान किया. इसलिए उन्होंने प्राचीन धर्म ‘बौद्ध धर्म’ को पुनर्जीवित करने का बीड़ा उठाया और भारत में उसे नया जीवन, नई शक्ति और नई दिशा दी. उन्होंने भारत की हजारों अस्पृश्य जातियों में बंटे दलितों को मात्र एक ‘अनुसूचित जाति’ में, सैकड़ों जनजातियों को एक ‘अनुसूचित जनजाति’ में तथा अनेक पिछड़ी जातियों को एक ओ.बी.सी. (अन्य पिछड़ी जाति) में संगठित कर दिया.

हम एक होते हुए भी जाति उपजाति के मानसिक बंधनों में बंधे हुए हैं. लेकिन जब अच्छा रिश्ता मिलता है तो हम अपने बच्चों की शादी समाज की इन्हीं फांकों (खापों) में अपनी सुविधानुसार कहीं भी कर लेते हैं, फिर भी अपनी ही उपजाति के नाम का राग अलापते रहते हैं. अब समय आ गया कि समाज की इन सन्तरे की सी फांकों (खापों) को जोड़ा जाए ताकि एक सार्थक परिणाम सामने आए.

समाज के भिन्न-भिन्न नामों की जगह एक सम्मानजनक नाम देकर समाज को सुदृढ़ बनाने तथा इन मानसिक दायरों को तोड़ने की एक सोच उभरी तो इसके क्रियान्वयन के लिए अनेक शुभचिंतकों व गुरुओं ने समाज को केवल एक ‘मेघवाल’ नाम देकर संगठित करने का प्रयास किया, जिसके सार्थक परिणाम सामने आए हैं. तीन दशक पहले राजस्थान के हाड़ोती और झालावाड़ जिले में समाज के लोगों ने अपने को केवल ‘मेघवाल’ घोषित कर दिया और अपने भू-राजस्व रिकार्ड ठीक करा लिए. 12 सितम्बर, 2004 को झुंझुनू में एक सम्मेलन में शेखावटी, खेतड़ी, झुंझुनू, फतेहपुर आदि के स्वजातीय भाईयों ने घोषणा कर दी कि ‘गर्व से कहो हम मेघवाल- हैं’. यहाँ भी ‘मेघवाल’ जाति के प्रमाण-पत्र बनवाकर भू-राजस्व रिकार्ड ठीक करा लिए. इसी के साथ अलवर जिले में भी मुहिम चली तथा वहाँ भी समाज बंधुओं ने ‘मेघवाल’ नाम से जाति प्रमाण-पत्र बनवा लिए तथा भू-राजस्व रिकार्ड ठीक करा लिए. हरियाणा की ‘चमार महासभा’ की नारनौल इकाई ने भी अपने को ‘मेघवाल’ घोषित कर दिया है. कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी व दिल्ली में भी ‘मेघवाल’ घोषित कर दिया है. दिसम्बर, 2006 में संसद द्वारा प्रस्ताव पास कर ‘मेघवाल’ शब्द को हरियाणा की अनुसूचित जातियों की सूची में भी डाल दिया गया है.

रूढ़िवादी हिन्दुओं की घृणा, दमन, शोषण एवं अत्याचारों से बचने के लिए दलित लोग समय-समय पर ‘जाति’ व ‘धर्म’ बदलते रहे हैं. वे आर्य समाजी बने, पर वहाँ भी ‘महाशय जी’ की नई पहचान बनकर रह गए. वे सिख बने, वहाँ भी ‘रामदासिया’ और ‘मज़हबी’ नाम से उनकी अलग पहचान रखी गई. वे ईसाई बने, वहाँ भी उनके नाम के साथ ‘मसीह’ जोड़ कर उनकी पिछली पहचान बरकरार रखी गई. वे मुसलमान बने, वहाँ पर भी उन्हें हिन्दुओं की तरह चौथे दर्जे में ‘अंसारी,’ 'मोची', 'सक्का', 'लालबेगी’ बनाकर अलग रखा गया. ये नास्तिक बने, निरंकारी बने, वैरागी बने, जैन बने, आदिधर्मी बने, अधर्मी बने, शाक्य बने, ऋषि बने, आचार्य बने और इन्होंने हजारों रूप बदले. परन्तु रूढ़िवादियों ने इन्हें ‘चमार’ ही कहा. इस ‘चमार’ नाम के पुछल्ले से बचने के लिए इन्होंने अनगिनत प्रयास किए, पर पुछल्ला लगा ही रहा और उनसे बैर और घृणा का बर्ताव किया जाता रहा.

संगठन बल और सत्ताबल से सभी भय खाते हैं. आज जो जाति एकजुट हुई है, वही सफल रही है. अतः आज समय आ गया है कि इस वर्ग की सभी जातियाँ अपनी उपजातियाँ, आपस के वर्ग भेद को मिटाकर पुन: अपने मूल ‘मेघवाल’ नाम को स्वीकारें और अपनी ‘जाति पहचान’ को संगठित, सुदृढ़ और अखण्ड बनाए रखने के लिए अब ‘मेघवाल’ नाम के नीचे एक हो जाएँ.

मेघवालों में आपस में यदि कोई समाजबंधु विभेद पूछना भी चाहे तो कह सकते हैं, मैं ‘जाटव मेघवाल’ हूँ, मैं ‘बैरवा मेघवाल’ हूँ, मैं ‘बुनकर मेघवाल’ हूँ मैं ‘बलाई मेघवाल’ हूँ, इत्यादि. ‘मेघवाल’ शब्द से एक बार शुरूआत तो हो. इसके बाद साल-छ: महीनों में यह विभेद भी समाप्त हो जाएगा. आपसी भेदभाव भुलाकर रोटी-बेटी का व्यवहार शुरू करें. जब अन्य जातियों के लोग मेघवालों के शिक्षित बच्चों के साथ अपने बच्चों की शादी बिना किसी हिचकिचाहट के कर रहे हैं तो हम छोटी-छोटी उपजातियों में भेदभाव नहीं रखें तो अपनी एकता बनी रहेगी. मिथ्या भ्रम व भेदभाव की निद्रा से जागें और एकता का परिचय देकर अपने संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए एवं पाखंडों का पर्दाफाश करने के लिए अग्रसर होवें. इसलिए पहली जरूरत यही है कि हम सभी हीनताबोध से मुक्त हों.

मेघवंशीय समाज की कई उपनामित जातियों की स्थानीय समितियाँ, संस्थाएँ, संगठन, परिषद्, ट्रस्ट इत्यादि बने हुए हैं. इन इकाइयों के पदाधिकारीगण अपने प्रभुत्व व पहचान कायम रखने के लिए सभी को एक नाम ‘मेघवाल’ के नीचे लाने के लिए शायद थोड़ी अनिच्छा प्रकट करें. इसके लिए सुझाव है कि ‘विश्व मेघवाल परिषद्’ या ‘अन्तर्राष्ट्रीय मेघवाल परिषद्’ नाम की एक प्रतिनिधि संस्था गठित की जाए. उसमें सभी उपनामित ‘मेघवंशीय’ जातियों को एक मानकर जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व दिया जाए व रोस्टर के आधार पर लाटरी से प्रत्येक वर्ष अध्यक्ष का चयन किया जाए. भारत देश की सभी मेघवंशीय उपजातियाँ छोटे-बड़े का भेद भुलाकर आपसी सहयोग का एक समझौता कर सकती हैं. इसी प्रकार सभी अनुसूचित जातियाँ भी यदि मेघवाल नाम के साथ जुड़ जाएं तो विश्व की कोई भी ताकत उनकी एकता को चुनौती नहीं दे सकती. 

नाम बदलने के साथ-साथ हमें इन बुराइयों से, रूढ़ियों से भी निजात पानी होगी. उदाहरण के तौर पर हम मृत्यु-भोज पर हजारों रुपए खर्च कर डालते हैं, जो पाप है. माता-पिता के जिंदा रहते उनकी सेवा करने से समस्त प्रकार का सुख प्राप्त होता है. अत: अनेक देवी-देवताओं के मंदिरों में माथा टेकने से अच्छा है कि घर पर माँ-बाप की सेवा करें. माँ-बाप से बड़ा भगवान् इस दुनिया में कोई नहीं है. हमें धोखे में रखकर, भटकाकर, कर्मकांडों के चक्रों में फँसाया गया है. निकलो इन कर्मकांडों से. इस धर्मभीरूता को त्यागकर नए सवेरे की ओर बढ़ो! आज विज्ञान का युग है. हमारे लिए अच्छा है कि हम विज्ञान सम्मत ‘चावार्क धर्म’ अपनाएं. गूंगे-बहरे न बन कर वाक्शक्ति संपन्न बने!

हमें सुनिश्चित करना है कि हम आर्थिक रूप से सम्पन्न हों. आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने का तरीका है कि हम केवल नौकरी की तलाश में न रहकर, व्यापार (बिज़नेस) की ओर भी ध्यान दें. जनसंख्या बढ़ोतरी के अनुपात में आजकल नौकरियाँ बहुत कम रह गई हैं. इसलिए हमें नौकरियों के भरोसे नहीं रहकर दूसरे धंधों की ओर ध्यान देना चाहिए. यह शाश्वत सत्य है कि जिसने भी समय के साथ स्थान परिवर्तन किया, बाहर जाकर खाने-कमाने की कोशिश की, वे सम्पन्न हो गए. हम लोग कुँए के मेंढ़क की तरह गाँव को ही अपना संसार समझकर गाँव की अर्थव्यवस्था के चलते दबे और पिछड़े रहे हैं. हम केवल गाँव में ही धंधे की क्यों सोचें. शहरों में जाकर भी धंधा कर सकते हैं. मन में शंका तो ज़रूर होगी कि क्या हम व्यापार में कामयाब को पाएँगे. आज का समय चुनौतियों से घबराकर भागने या इसके समक्ष समर्मण करने का नहीं, बल्कि उनका डटकर मुकाबला करने का है. हिम्मत करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है. दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ हम कुछ भी हासिल कर सकते हैं. 


------------------------------------------------------------------------------------------------------
विशेष नोट :-

कश्मीर में शंकर वर्या (वर्मा-वर्मन) गोपाल वर्या, संघट, बारत वर्मन, सुगन्ध वर्मन, गोपाल, रानी सुगन्धा, चक्रवर्ती, बरछत, भारत, सूर्य वर्मन, शंकर वर्मन, चक्रवर्ती द्वितीय, अनमीत, आदित्य वर्मन इत्यादि मेघवंशीय राजाओं के शासन का उल्लेख मिलता है। कश्मीर के इन शासकों के पूर्वज चर्मकार थे। उस समय चमड़े के काम को अपवित्र नहीं माना जाता था, क्योंकि सामान्य दिनचर्या में चमड़े का भरपूर उपयोग किया जाता था।  
 
(सौजन्य से -चहार गुलषन-मुकद्दमा-साहिबजादा षौकत अली खाँ) 
------------------------------------------------------------------------------------------------------
संदर्भित पुस्तकें

People of India - An Anthropology of India
गुलामगीरी - ज्योतिराव गोविंदराव फुले
अछूत कौन और कैसे - डॉ. भीमराव अंबेडकर
प्राचीन भारत का इतिहास - विजेंद्र नारायण झा एवं कृष्ण मोहन श्रीमाली
आदिम जाति चमार - डॉ. सोहनपाल सुमनाक्षर
मेघवंश इतिहास - स्वामी गोकुलदास
मेघवंश : इतिहास एवं संस्कृति - ताराराम
Meghs of India - Sh. R.L. Gottra
मेघऋषि कौन/मेघवाल कैसे - आचार्य श्री गुरुप्रसाद के.पी.  


मेघवंश की गोत्र प्रथा

गोत्र व्यवस्था और मेघवंश : ताराराम
  
(यह आलेख माननीय ताराराम गौतम जी की पुस्तक 'मेघवंश- इतिहास और संस्कृति-2' का एक अंश है)

हिंदू समाज विभिन्न जातियों का एक ऐसा जाल है, जिसे समझना एवं भेदना बड़ा मुशिकल है। इन जातियों की पूर्वगामी व्यवस्था को 'वर्ण-व्यवस्था' के रूप में प्रकट किया जाता है एवं उसे धर्म प्रणीत ठहराया जाता है। सामाजिक व्यवस्था के धर्मप्रणीत आधार को सुव्यवस्थित तरीके से जितनी चतुराई से व्यावहारिक जामा हमारे देश में पहनाया गया, उतना अन्य किसी भी देश में देखने और सुनने को भी नहीं मिलता। कदाचित भारत देश को धर्म प्रधान देश कहना उचित लगता है, जब उसकी प्रत्येक सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था में हम धर्म का गहरा आधार पाते हैं। परंतु गहराई में जाने पर ऐसा मालूम पड़ता है कि यह प्रचार का एक साधन भी है। हम इस नाम से उन समस्त तत्त्वों का प्रचार करते हैं, जो वर्ण प्रभुत्व (वर्ण-प्रभुत्व) के पोषक हैं। वर्ण-व्यवस्था,जाति-व्यवस्था या गोत्र-व्यवस्था की उत्पत्ति का जो भी आधार रहा हो वह आज इतना महत्वपूर्ण नहीं है, परंतु सामाजिक और ऐतिहासिक रूप से वर्गप्रभुत्व के दृष्टिकोण से आज भी ये धर्मप्रणीत आधारभूत है। अत: इस दृष्टि से मेघवंश के संदर्भ में इस पर विचार करना चाहिए।
 हिंदू समाज में जाति अपने आप में न केवल एक सामाजिक घटक बन चुका है, अपितु राजनीतिक और सांस्कृतिक घटक भी बन चुका है। सामाजिक और सांस्कृतिक घटक रूप में प्रत्येक जाति अपने प्रभुत्व के लिए गोत्र की सहायता लेती है। जातिवादी व्यवस्था में वर्ग प्रभुत्व को स्थायी बनाए रखने में गोत्र-व्यवस्था ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। भारतीय समाज किंवा हिंदू समाज में गोत्र का विचार विभिन्न सामाजिक रस्मों-रिवाज एवं सामाजिक सरोकारों में किया जाता है, यह रूढ़ि मेघ समाज में भी वर्तमान है। मेघ समाज में गोत्र की प्रथा अन्य समाजों में व्याप्त इस प्रथा की देखा-देखी से आयी है। जब चारों ओर गोत्र की परंपरा का बोलबाला हो गया, तो मेघों ने भी अपने को ब्राह्मणवादी व्यवस्था में मिलाते हुए इस व्यवस्था को प्रश्रय देना प्रारंभ कर दिया। यह गोत्र-परंपरा मेघों की अपनी सामाजिक या सांस्कृति परंपरा नहीं है, बल्कि ब्राह्मणी परंपरा से ली गई प्रथा है।
 ब्राह्मणवादी व्यवस्था में प्रत्येक जाति अपनी उत्पति किसी न किसी ऋषि या नायक (शूरवीर) से जोड़कर अपनी जाति के वर्ग प्रभुत्व की व्याख्या करती है। अपनी जाति की श्रेष्ठता को स्थापित करने में गोत्र व्यवस्था को महत्वपूर्ण आधार के रूप में देखा जाता है। ये सब 'गोत्र' व्यवस्था को परंपरागत रूप से मिली दृढ़ मान्यता के सूचक हैं। ब्राह्मणवादी व्यवस्था के पोषक ऋषियों ने देखा कि जब तक व्यक्ति या समाज के जीवन में जात्याभिमान या वंश अभिमान की सृष्टि नहीं की जाएगी, तब तक वर्ग प्रभुत्व की कल्पना साकार रूप नहीं ले सकती है। इसीलिए उन्होंने इसे व्यावहारिक रूप देने के लिए गोत्र प्रथा का सृजन किया। प्रारंभ में इने-गिने ऋषि थे, जिन्होंने इस व्यवस्था को चलाया। परंतु बाद में यह संख्या बढ़ती गयी। कई ऋषियों के नाम वेदों, ब्राह्मणों और उपनिषदों में आते हैं, परंतु वे किसी गोत्रकर्ता अर्थात गोत्र-व्यवस्था को चलाने वाले नहीं बताए गए। वेदों में उल्लेखित बहुत से ऋषि मन्त्र दृष्टा बताए गए हैं, परंतु वे सभी भी गोत्र-कर्ता नहीं हैं। स्पष्टत: इस व्यवस्था को लेकर भी ऋषियों में मतभेद थे। भारत की विभिन्न परंपराओं में इसका कभी-भी एक-सा स्वरूप व स्वीकृति नहीं रही है।
 भारत की ब्राह्मणवादी परंपरा में गोत्र-भेद की पृष्ठभूमि भेद-भाव और ऊँच-नीच की वर्णवादी व्यवस्था को स्थायी और सनातन बनाने के लिए ही रची गई है और इसे चालू रखकर प्रथा एवं परंपरा का रूप इसलिए दिया गया,क्योंकि यह वर्ण व्यवस्था या जाति-व्यवस्था को मजबूत बनाती है। वस्तुत: यह मनुष्यों को विभक्त करने की एक अन्य सोची-समझी भेदकारी व्यवस्था है, जो जन-जीवन में रूढ़ होकर परंपरा के रूप में चली आ रही है। वैदिक व्यवस्था या ब्राह्मणवादी व्यवस्था में इससे किसी व्यक्ति या समुदाय विशेष की आंशिक इतिहास की छानबीन करने में भी सहायता मिलती है। वैदिक परंपरा में यह उस समय की देन है, जब मानव-समुदाय अनेक भागों में विभक्त होने लगा था और उसे अपने पूर्वजों और संबंधियों का ज्ञान कराने के लिए संकेत की आवश्यकता प्रतीत होने लगी। क्रमश: जैसे-जैसे मानव-समाज अनेक भागों में विभक्त होने लगा व वर्ण-व्यवस्था प्रभावी होने लगी,वैसे-वैसे इस गोत्र-व्यवस्था या गोत्र नाम के प्रति मनुष्यों में मोह भी बढ़ता गया। भारत की जिन परंपराओं में इसका कुछ भी स्थान नहीं था, वहां भी यह धीरे-धीरे फैल गई। इस प्रकार से विवाह-संबंध और सामाजिक रीति-रिवाजों में उसका विचार किया जाने लगा एवं किसी न किसी रूप में सभी ने इसको स्वीकृति प्रदान कर दी। वर्तमान मेघवाल समाज भी इससे बच नहीं सका। प्रारंभ में जिन आठ ऋषियों को गोत्रकर्ता माना जाता है, उन्हें गोत्र-प्रवर में इस प्रकार से उल्लेखित किया गया है-
जमदग्निभरद्वाजो विश्वामित्रात्रिगौतमा:।
वशिष्ठकश्यपोSगस्त्यो मुनयो गोत्रकारिण:।।
 अर्थात जमदग्नि, भरद्वाज विश्वामित्र, अत्रि, गौतम, वशिष्ठ, कश्यप और अगस्त्य ये गोत्रकर्ता मुनि हैं। यहां ध्यान देने योग्य बात यह है कि जगदग्नि आदि इन आठ ऋषियों के समय भृगु और अंगिरा आदि भी अनेक ऋषि थे, परंतु उस समय उनके नाम के गोत्र का प्रचलन नहीं हुआ था। ये अन्य ऋषि भी मंत्रदृष्टा थे, परंतु इनके नाम से गोत्र नहीं बनें अर्थात ये गोत्रकर्ता नहीं बन पाए। ऐतिहासिक रूप से यह विचारणीय है कि ऐसा क्यों हुआ। एक ही जाति में अलग-अलग गोत्र भी सुने जाते हैं और अलग-अलग जातियों का एक ही गोत्र या समान नाम के गोत्र भी सुने जाते है। इन सबके विश्लेषण से एक बात स्पष्ट होती है कि हक़ीकत में इन ऋषियों या शूरवीरों का एक-दूसरे ऋषि या शूरवीर से कुछ भी लेना-देना नहीं है, तभी तो कई जातियां एक ही नामधारी ऋषि से अपनी उत्पत्ति बताती हैं। परंतु वास्तव में उन जातियों का आपस में कुछ भी लेना-देना नहीं होता है। साधारणतया ब्राह्मण परंपरा में गोत्र प्रथा को रक्त-परंपरा की पर्यायवाची माना गया है। अत: यह परंपरा यह स्वीकार करती है कि ब्राह्मण सदा-सर्वदा ब्राह्मण ही बना रहता है। जिसका ब्राह्मण जाति में जन्म हुआ है, वह अन्य जाति वाला कभी नहीं हो सकता है। ब्राह्मणवादी परंपरा में प्रारंभ से ही सदाचार की अपेक्षा रक्त परंपरा को अधिक महत्व दिया गया है। जब इस परंपरा में रक्त-शुद्धता का सिद्धांत अस्वीकृत होने लगा या डंबोडोल होने लगा, तो रक्त की शुद्धता के सिद्धांत को सामाजिक व्यवस्था की शुद्धता के सिद्धांत पर ला खड़ा किया गया। यही गोत्र परंपरा का गंभीर भेद है। अन्य देशों में रंगभेद या नस्लभेद तो है, परंतु गोत्र-भेद नहीं है। ब्राह्मणवादी परंपरा में जाति की इस जटिल व्यवस्था को गोत्र-प्रवर की व्यवस्था ने न केवल भेदकारी बनाया, अपितु उसे कारगर व स्थायी बनाने में भी संस्थागत आधार प्रदान किया।
 भारत की गैर ब्राह्मणवादी परंपराओं में गोत्र व्यवस्था का ऐसा कोई भेदकारी स्वरूप नहीं था। वर्ण-व्यवस्था या जाति-व्यवस्था की शुद्धता के आधारभूत रूप में गैर ब्राह्मणवादी परंपराओं यथा बौद्ध-जैनों में गोत्र का ऐसा कोई विधान कभी भी स्वीकृत नहीं हुआ। वैदिक लोगों की गोत्र की व्यवस्था उन-उन ब्राह्मणों को उन-उन ऋषियों का वंशज प्रकट करती है। ब्राह्मणवादी गोत्र-व्यवस्था, जो पहले उच्चवर्ण तक ही थी, वह धीरे-धीरे सभी वर्णों व जातियों में से गोत्रों की जो व्यवस्था ब्राह्मणों तक सीमित थी, वह क्षत्रियों और वैश्यों तक जाने या अनजाने रूप में आ गई, परंतु ब्राह्मणों के अलावा अन्य वर्णों में गोत्र का कोई महत्व नहीं था।
 वर्णों में गोत्र का कोई महत्व नहीं था और शूद्र एवं गैर वैदिक लोगों में तो इसका वैसे ही कोई महत्व नहीं रखा गया था यहाँ तक कि क्षत्रियों में भी इसका कोई महत्व नहीं था, मेघ समाज का गठन पूर्ण रूपेण गैर ब्राह्मणवादी परंपरा से हुआ था, अत: वे इससे अनभिज्ञ से बने रहे, धीरे-धीरे मेघ समाज अब एक जाति के रूप में पुकारा जाने लगा और अभिहीत किया जाने लगा तो वर्णवादी व्यवस्था के अन्य पोषक तत्त्वों का भी इस समाज मेंप्रश्रय मिलाना शुरू हुआ। इसी के परिणाम स्वरूप वे खाप को ही अपना गोत्र कह देते हैं।
 मेघ समाज संपूर्ण भारत में मेघ जाति से ही पहचाना जाता है। यह अपने आप में एक परंपरागत सांस्कृतिक घटक है, जिसकी अपनी एक विशिष्ट पहचान है। मेघों का अपना वंश है। वे वंश के नाम से ही जाने जाते हैं,इसके अलावा इनका कोई गोत्र नहीं है। वंश या बंस ही उनका कुल या गोत्र है, अन्य दूसरा कोई गोत्र नहीं है। अपनी विशिष्ट सामाजिक और राजनीतिक सोच एवं सांस्कृतिक व धार्मिक परंपरा से उनके वंश का गठन हुआ है। इस वंश या बंस को कई समाज सुधारकों ने गोत्रकर्ता ऋषियों से जोड़कर देखने की चेष्टा की। उनका प्रयास हिंदू व्यवस्था में इस जाति के मान को बढ़ाने हेतु था, परंतु वास्तव में ऐसे प्रयास इस जाति की हीनता को ही स्थायी बनाने वाले सिद्ध हुए हैं। अत: मेघों को अपने कुल या बंस को ही पुन: प्रतिष्ठित करना होगा। जिसे ब्राह्मणवादी व्यवस्था में सम्मिलित होने के प्रयासों में वे भूल गए हैं। सन 2001 की भारत देश की जनगणना में मेघ जाति सबसे ज्यादा राजस्थान में निवास करती है, जहाँ बहुधा वे मेघवाल नाम से जाने जाते हैं। राजस्थान की समस्त अधिसूचित अनुसूचित जातियों की जनसंख्या में इनकी जनसंख्या 21.23% है। जो चमारों की जनसंख्या से थोड़ी सी कम है। जम्मू-कश्मीर की समस्त अधिसूचित अनुसूचित जातियों की जनसंख्या में मेघों की जनसंख्या39.00% से ज्यादा है। इस प्रकार से यहां पर मेघ लोग सघन रूप से निवास करते हैं। इन मेघों की कुछ खापें एक-सी हैं अर्थात मिलती हैं एवं कुछ खापें ऐसी है, जो नहीं मिलतीं। यहां पर उसकी विवेचना अपेक्षित नहीं है। परंतु इससे एक बात स्पष्ट है कि कुछ खापें तो भौगोलिक प्रभाव से बनी है, कुछ राजनीतिक कारणों से व अन्य कारणों से उत्पन्न हुई हैं। उनमें गोत्र प्रवर की कोई मान्यता ऐतिहासिक रूप से कभी भी नहीं रही है। इस बात को स्पष्ट करने के लिए राजस्थान की मेघ जाति की कुछ खापों का उल्लेख करना समीचीन है, जिससे मेघ जाति इस गोत्र के बारे में पनप रही मिथ्या धारणा को समझ सके एवं पुन: एक सांस्कृतिक और राजनीतिक वजूद रखने वाला प्रभुत्वकारी घटक बन सके।
 राजस्थान के मेघवालों में गोत्रकर्ता के नाम का कोई भी गोत्र प्रचलित नहीं है। वे अपने सामाजिक रीति-रिवाजों में अपनी खाप को ही गोत्र का नाम दे देते हैं। इस प्रकार से खाप की अभिव्यक्ति उनके ब्राह्मणवादी गोत्र की कमी को पूरा कर देती है। ये खापें भी राजस्थान में बहुधा राजपूतों की उपजातियों से मिलती हैं। यह ध्यान देने योग्य है कि राजपूतों की ये उपजातियां भी उनका कोई गोत्र या प्रवर नहीं है। वस्तुत: राजपूत, जाट और मेघ आदि जातियों का परिघटन एक ही आधार पर हुआ है, परंतु परंपरा व प्रभुत्व भेद से उनमें ऊँच-नीच की दीवारें खड़ी हो गई अन्यथा ये सभी एक ही घटक दल व घटनाक्रम की उपज हैं।
 मेघ समाज एक जाति के रूप में ज्ञात होने से पहले एक संगठित व अभिज्ञात राजनीतिक और सांस्कृतिक दल था जिसकी राजनीतिक सत्ता का केन्द्र वत्स जनपद था। वहां पर मेघ राजा वसिष्ठीपुत्र भीमसेन के शौर्य एवं बल से उनको एक विशेष पहचान मिली। की पीढ़ियों तक शासन करने के बाद जब ये सत्ताविहीन हुए तो विस्थापित हुआ यह समाज भारत के विभिन्न भागों में जा बसा, जहां पर ये कई जगहों पर शासक या गवर्नरों के रूप में ख्यात नाम हुए। चूंकि मेघों की परंपरा वर्ण, जाति और गोत्र आदि परंपरा से भिन्न थी, अत: उनकी पहचान वशिष्टी के नाम से ही की जाती रही अर्थात मेघ जाति बनने से पूर्व ये अपने को वशिष्टी या वशिष्ठा नाम से ही अपना परिचय देते थे जो उनके गौरव और शौर्य का इतिहास बयान करता था। अत: सारे भारत में मेघ वाशिष्ठी,वशिष्टा या वासिका नाम से संज्ञान हुए। कई भू-भागों में यह वशिष्टा नाम धीरे-धीरे लुप्तप्राय हो गया और भू-भाग विशेष में निवास करने के कारण उस भू-भाग का नाम उनके साथ जुड़ गया यथा मारू-मेवाड़ा आदि,ऐतिहासिक रूप से मेघों के प्रतिबोध हेतु ऐसे कई अन्यान्य शब्दों का भी प्रयोग होने लगा। परंतु ये न तो उनके गोत्र थे और न ही उन्होंने इन्हें गोत्र के रूप में धारण किया था। उस समय तक वे गोत्र-व्यवस्था को अभिसात नहीं कर पाए थे, क्योंकि अभी तक ब्राह्मणवादी व्यवस्था में उनका विलीनीकरण नहीं हुआ था।
 राजस्थान में राजपूतों के उत्कर्ष के समय और उसके बाद भी उनमें गोत्र-प्रवर की ललक कहीं पर भी दृष्टिगोचर नहीं होती है। इसके कई कारण थे, परंतु सबसे बड़ा कारण यह था कि प्रभुत्वकारी रूप में उभरे राजपूत भी गोत्र-व्यवस्था के प्रति उदासीन ही थे। यह तो राजपूतों का जब हिंदूकरण हुआ, तो उनमें हिंदू वर्ण व्यवस्था में उच्च स्थान प्राप्ति के उत्साहस्वरूप गोत्र के प्रति उनका रुझान बढ़ा। ब्राह्मणवादी व्यवस्था के पुरोधे गैर ब्राह्मणवादी परंपराओं को अपने में मिलाने के लिए उनको कृत्रिम नाम और उत्पति की कथा-किंवदतियों से उनका उत्साहवर्धन कर रहे थे। इस युग में एक ही घटक दल के विभिन्न मानव समूह विभिन्न जातियों में विभक्त कर दिए गए। जिनका राजनीतिक वजूद स्थिर हो चुका था, वे राजपूत नाम से ब्राह्मणवादी व्यवस्था में उच्चवर्ण में मिला दिए गए व खेती-बाड़ी, शिल्पकारी या अन्य पेशों में संलग्न लोगों को, जो ब्राह्मणी परंपरा के नहीं थे, उन्हें निम्नस्तर पर खपाया जाने लगा। सत्ता प्राप्त लोगों का अतिउत्साह से पुरानी परंपरा में मेल कराने का कार्य उनके इतिहासकारों ने बखूबी किया बाकी आमजन को उनका आश्रित बनाकर उनकी अभिज्ञात जाति का नाम धारण करने का लोभ देकर उनको भी इस चक्रव्यूह में पीसा गया। यह जनता जनार्दन कहीं से भी न तो ब्राह्मण थी और न ही शूद्र, वैश्य या अन्य वर्णवादी व्यवस्था का अंग। परंतु जब उनके बड़े-बड़े लोगों को मिला दिया, तो उनके अन्य स्वजनों को भी इस घेरे में लेना आवश्यक था। इसी पर पूरा सामाजिक और राजनीतिक वजूद टिका था। अत: एक शासक कौम मेघ का, जिसका कोई अभिज्ञात गोत्र नहीं था, उसे इस व्यवस्था ने अपने में खपाने में सफलता प्राप्त की। उनके लिए इतना भर अभीष्ट था कि वे फलां-फलां राजपूत वर्ग या जाति से हैं, चूंकि वे अब शासक वर्ग से नहीं है, अत: उनकी स्थिति निम्न है। खेती-बाड़ी उनका मुख्य पेशा था। वर्षा के मौसम के अलावा वे कपड़े बुनने का कार्य व अन्य शिल्पकार्यों में संलग्न हो गए। कपड़े-बुनने व अन्य शिल्प व दस्तकारी ब्राह्मणवादी व्यवस्था में शूद्र की श्रेणी में ही गिने जाते थे। अत: धीरे-धीरे हिंदू व्यवस्था में वे हीन अवस्था को प्राप्त होते गए।
 प्रभुत्कारी जातियों के नाम का उपयोग उनकी जाति नहीं भी, बल्कि वह उनका नख कहलाता था। नख का वास्तविक अर्थ यही है कि जो-जो जिस-जिस नख को धारण करता है, वह-वह उस-उस शासक के अधीन है। राजस्थान में मेघों में विभिन्न खापों के नाम यथा परिहार, पँवार, चौहान, सोलंकी, राठौड़, भाटी आदि प्रचलित हैं,वे भी उनके गोत्र नहीं हैं। बल्कि स्पष्टतः उनसे वही अद्यबोध होता है कि फलां-फलां सत्तासंपन्न वर्गों से ही इनका संबंध है। ये खापें मेघों के गोत्र कदापि नहीं रहे हैं व न ये गोत्र हैं। ये जो खापें हैं वे भौगोलिक और राजनीतिक कारणों से बनी हैं, इसके अलावा इसमें गोत्र, प्रवर आदि का कोई आधार भी नहीं है। इसे स्पष्ट करने के लिए हमें इन राजपूतों के गोत्रों के बारे में जानना आवश्यक है।
 ऐतिहासिक साक्ष्यों से यह सुविदित है कि ब्राह्मणों के गौतम, भरद्वाज, अत्रि आदि अनेक गोत्र मिलते हैं, जो उन ब्राह्मणों का उन-उन ऋषियों का वंशज होना माना जाता है। परंतु राजपूतों के गोत्र उनके वंशकर्ता के सूचक नहीं हैं, क्योंकि प्रारंभ में गोत्र व्यवस्था ब्राह्मणों तक ही सीमित थी। यह विशुद्ध रूप से वर्ण व्यवस्था को टिकाऊ बनाने की एक कारगर युक्ति थी जिसके प्रति जितने कायल ब्राह्मण थे, अन्य कोई वर्ग उतना उत्सुक नहीं था। परंतु धार्मिक व राजनीतिक क्षेत्र में ब्राह्मणों की पूरी पैठ थी, अत: इसे पुरोहित के माध्यम से क्षत्रियों तक विस्तारित किया गया। जो-जो पुरोहित जिन-जिन क्षत्रियों के याजक होते थे, उन-उन क्षत्रियों को भी उस गोत्र का माना जाने लगा। यह सिर्फ धार्मिक पूजा-पाठ-यज्ञ-याज्ञ आदि तक सीमित था। भगवान बुद्ध एवं श्रमणवादी परंपरा ने वर्ण व्यवस्था को स्थायी करने वाली इस संकल्पना को कभी भी स्वीकार नहीं किया। अत: बौद्धमय भारत में हमें क्षत्रियों के गोत्रों का कहीं पर भी कोई सायाश उल्लेख नहीं मिलता है। बौद्ध धर्म के अपकर्ष के बाद एवं हिंदू धर्म के उत्थान के समय गोत्र की संकल्पना ने फिर दृढ़ होना शुरू किया और राजपूतों के उदय के साथ उनके हिंदू धर्म में मिल जाने पर उनके भी गोत्रों पर विचार किया जाने लगा। जिस-जिस राजपूत राजे के जो-जो पुरोहित होते थे, वे उस-उस गोत्र में अभिज्ञात किए जाने लगे। यह सरल युक्ति राजपूतों व अन्य घटक दलों को ब्राह्मणवादी व्यवस्था में अंतर्भूत करने में संजीवनी का काम करने लगी और इस प्रकार से उन-उन गोत्रों से जुड़े प्राचीन क्षत्रियों से इन राजपूतों ने बड़े उत्साह से अपना संबंध जोड़कर इतिहास की रिक्तता को पूरा करने में कामयाबी हासिल की। परंतु निम्नस्तर पर जीवन यापन करने वाले वर्ग को इससे न तो कोई सरोकार था और न गौरव और न ही ब्राह्मणी व्यवस्था उन्हें गोत्र या प्रवर की परिधि में लाने की इच्छुक थी, क्योंकि गोत्र की संकल्पना जात्यायिमान और वर्णवाद से जुड़ी थी, जिसे ब्राह्मणवादी व्यवस्था खंडित या कलुषित नहीं करना चाहती थी। अत: निम्नस्तर पर जीवनयापन करने वाला वर्ग कभी भी इसके प्रति कायल नहीं रहा।
 जहां तक परिहार, पंवार, भाटी आदि नामों का संबंध है। ये न तो उनके गोत्र हैं और न राजपूतों की एक-एक खाप में अलग-अलग गोत्रों की अभिव्यक्ति ही इस बात का संकेत करती है कि जातीयता के दायरे में लिए जाते वक्त इन राजे-लोगों को कहां-कहां, क्या-क्या मेल-जोल करना पड़ा। कुछ विद्वान यह अवश्य कहते हैं कि राजपूतों के गोत्र भी वास्तव में उनके मूल पुरुषों के सूचक हैं, पुरोहितों के नहीं और पहले क्षत्रिय लोग ऐसा ही मानते थे अर्थात भिन्न-भिन्न क्षत्रिय वास्तव में उन ब्राह्मणों की संतान हैं, जिनके गोत्र वे धारण करते हैं। इसी युक्ति को मेघ समाज में भी फैलाने का कार्य अज्ञानतावश कुछ लोग करने लगे हैं, जिसका आशय यह है कि मेघों की फलां-फलां खाप फलां-फलां राजपूत से उत्पन्न है। यह विचार मेघों को हिंदू समाज में निम्नतर स्थिति को जायज ठहराने का कुत्सित प्रयास है। इस कूटनीति व छलपूर्ण बात को प्राचीन काल के मेघ लोग बखूबी जानते थे, अत:उन्होंने उसे कभी भी अपना गोत्र नहीं माना। अपना गोत्र तो वे मेघ ही बताते व मानते थे। जो इस जाति या वंश का मूल पुरुष था। उनका मूलपुरुष ही सदैव उनका गोत्र माना जाता था। आंख मूंदकर देखा-देखी करने की बजाय मेघों को अपने वंश को ही गोत्र के रूप में पुन: प्रतिष्ठित करना चाहिए।
 जहां तक पुरोहित या गुरु के गोत्र की युक्ति का प्रश्न है, जिससे राजपूतों आदि के गोत्रों का संज्ञान किया जाता है, वह भी मेघों के समाज पर उपयुक्त नहीं बैठती है, क्योंकि आदिकाल से ही मेघ लोग अपने मूलपुरुष के रूप में मेघ नामधारी महापुरुष को ही मानते आए हैं। कई जगहों पर भाषा-भेद या प्रचलन में भेद होने से भले ही उसे मेघऋषि, मेघ सिरी, मेघरिख, मेघ कुमार या धारूमेघ आदि कुछ भी कहा जाता हो, परंतु व्यक्तिवाचक मेघ शब्द उन सब में समान रूप से स्वीकार्य है। यह मूल पुरुष ही उनका गोत्रकर्ता (वंशकर्ता) है। इसी बात को मेघों को ध्यान में रखना चाहिए और मानते रहना चाहिए। कुछ लोगों ने वशिष्ठ आदि गोत्रकर्ता ऋषियों का अभिज्ञान होने से व मेघों द्वारा भी प्राचीन काल में अपने को वशिष्ठी या वसीका कहने के आधार पर मेघों का गोत्र वाशिष्ठी बताने की सायास चेष्टा की है। परंतु यह स्पष्ट है कि मेघ लोगों का वासिष्ठी नाम वशिष्ठी ऋषि के कारण प्रचलन में नहीं आया था, बल्कि उनकी मातृशक्ति के बहुमान से प्रचलन में आया था और स्वीकार्य हुआ था। अत:मेघों को पुन: अपने प्राचीन गोत्र जिसे मेघवंश कहा गया है, उसे ही मान्यता देनी चाहिए। अन्य जो खापें हैं, उन्हें गोत्र के रूप में मान्यता नहीं देनी चाहिए, क्योंकि ये खापे किसी भी आधार पर उनके गोत्र नहीं है और न ही उन राजपूत जातियों के, जिनसे ये अपना निकास मानते हैं।

Tararam - ताराराम

द्वितीय विश्व युद्ध (1939-1945) में पराधीन भारत में ब्रिटिश भारतीय सेना में बतौर एक सैनिक के रूप में बर्मा कैम्पेन में भाग लेकर राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र के श्री धर्माजी मेघ 23 अप्रैल 1947 को सेवा निवृत होकर वापस आये और पाली देवी से विवाह किया। उनके घर में चौथी संतान के रूप में श्री ताराराम जी का जन्म हुआ। धर्माजी के परिवार के लोग सामंतशाही और बेगारी के विरुद्ध संघर्षरत रहे। धर्माजी का शिक्षा के प्रति बहुत लगाव था। अतः उन्होंने अपनी संतान को पढाने का संकल्प लिया और पुत्र ताराराम को उच्च शिक्षा दिलाई।
श्री ताराराम जी की स्कूली शिक्षा ग्रामीण क्षेत्र में हुई। वे बचपन से ही होनहार और प्रतिभाशाली थे। अपनी कक्षा में हमेशा अव्वल रहते। सह शैक्षिक गतिविधियों में भी आपका योगदान उल्लेखनीय रहा। विद्यार्थी जीवन में स्काउट गाइड और एनसीसी के प्रतिभागी रहे। हाई स्कूल में वे तहसील स्तर पर प्रथम रहे। उन्हें जिलाधीश कार्यालय द्वारा 500/ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। एक सैनिक का पुत्र होने के नाते सरकार से उन्हें सैनिक छात्रवृति भी मिलती रही। तत्कालीन जोधपुर विश्वविद्यालय में स्नातक की पढाई हेतु1975-76 में प्रवेश लिया। जहाँ संस्कृत, दर्शनशास्त्र, इतिहास, राजनीतिशास्त्र,समाजशास्त्र और मनोविज्ञान आदि का अध्ययन किया। स्नातक प्रथम वर्ष में ही विश्व विद्यालय में 73% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुलपति ने उन्हें होस्टल में आकर बधाई दी और प्रशस्ति पत्र दिया। वि. वि. के इतिहास में किसी भी दलित छात्र का यह प्रथम कीर्तिमान था। पढाई के साथ वे छात्र राजनीती से भी जुड़े रहे और कई आन्दोलनों में सक्रिय व अग्रणी भूमिका निभाई। आपातकाल में वी.सी. की एडवाइजरी कमिटी के भी सदस्य रहे और विभिन्न छात्र संगठनों में अहम पदों पर रहकर साथी छात्रों का मार्ग दर्शन किया।
जोधपुर विश्वविद्यालय जोधपुर (सम्प्रति- जयनारायण विश्वविद्यालय) से मनोविज्ञान में बीए (ऑनर्स) की उपाधि विश्वविद्यालय की वरीयता सूची (Merit) में द्वितीय स्थान के साथ प्राप्त की। अधिस्नातक(एम.ए.) की डिग्री भी उसी विश्वविद्यालय से प्राप्त की। वे सदैव प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी रहे। प्रोफ़ेसर एम. सी. जोशी के मार्ग निर्देशन में "मानसिक स्वास्थ्य" पर पीएचडी हेतु कार्य किया। कुछ वर्षों तक विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान विभाग में एसिस्टेंट प्रोफ़ेसर के रूप में अध्यापन भी किया। एन.सी.इ.आर.टी. में भी बतौर कांउसलर चयनित हुए। आप लम्बे समय से ट्रेड यूनियन आन्दोलन से भी जुड़े हुए हैं। लेबर लॉज़, लेबर वेलफेयर और पर्सनल मेनेजमेंट में डिप्लोमा प्राप्त ताराराम जी ने विभागीय कार्यवाहियों में बीस से अधिक कर्मचारियों का सफल बचाव किया है। बैकिंग क्षेत्र में अनुसूचित जाति और जनजाति के कर्मचारियों का संगठन खड़ा किया।
विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति और जन जाति के विद्यार्थियों के साथ होने वाले गैर बराबरी और भेदभाव पूर्ण रवैये के विरुद्ध संघर्ष किया और कई आन्दोलनों में अग्रणी भूमिका निभाई। अनुसूचित जाति के छात्रों की छात्रवृति वृद्धि हेतु 1977-78 में राजस्थान विधान सभा के घेराव की रणनीति बनाने और अंजाम देने में अग्रणी रहे। राजस्थान में इंजीनियरिंग, मेडिकल और एमबीए आदि में जनसंख्या के अनुपात में छात्रों का प्रवेश नहीं होता था। उस हेतु संघर्ष किया और कुछ मामलों में हाईकोर्ट में वाद दायर कर जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण सुनिश्चित कराया। राजस्थान के सभी विश्वविद्यालयों में आरक्षण लागू करवाने हेतु संघर्ष किया और उसे हाईकोर्ट द्वारा सुनिश्चित करवाया। इसके अलावा छात्र हित और अनुसूचित जाति/जनजाति के कई सामाजिक आंदोलनों में महत्वपूर्ण कार्य किया।
राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में डॉ अंबेडकर जयंती मनाने की शुरुआत 1976 से की। सन 1977 में जोधपुर में बौद्ध धर्म परिवर्तन कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। पश्चिमी राजस्थान में डॉ अंबेडकर और बौद्ध धर्म प्रचार में 1976 से लेकर आज तक सनद श्री ताराराम जी जोधपुर में अंबेडकर जयंती और आन्दोलन के एक अग्रणी व्यक्तित्व माने जाते है। राजस्थान के प्रसिद्ध अम्बेडकरी और बौद्ध पुनर्जागरण के अग्रणी श्री एच आर जोधा के संपर्क में आने के बाद पूर्णतः बौद्ध और अम्बेडकरी आन्दोलन से जुड़ गए। सन 1977 में प्रसिद्ध अम्बेडकरी एल आर बाली के व डी आर जाटव आदि के संपर्क में आये। उसी समय अंबेडकर भवन, दिल्ली आना जाना हुआ, जहाँ सोहन लाल शास्त्री, भगवान दास, एच सी जोशी,जगन्नाथ उपाध्याय, स्वरुप चंद और शांति स्वरुप बौद्ध आदि से संपर्क हुआ। जिनसे वे अंबेडकर व बौद्ध आन्दोलन के प्रति और अधिक गंभीर हो गए।

श्री ताराराम जी अपने विद्यार्थी जीवन से ही कई सामाजिक सुधार आन्दोलनों की संस्थाओं से जुड़े रहे। जिसमे शेडूल्ड कास्ट अपलिफ्ट यूनियन, भारतीय बौद्ध महासभा, बौद्ध परिषद्, अंबेडकर सेवा समिति,अंबेडकर नवयुवक संघ, आल इंडिया समता सैनिक दल, स्टूडेंट फेडरेशन, प्रगतिशील युवा महासंघ,विद्याथी-अभिभावक संघ आदि प्रमुख है। इन विभिन्न संस्थाओं के विभिन्न दायित्वों व पदों पर रहते हुए अंबेडकर-विचारधारा और बौद्ध धर्म का निरंतर प्रचार किया।
कई दशकों तक जोधपुर व उसके आस-पास के क्षेत्रों में डॉ. अंबेडकर जयंतियों का सफल आयोजन और सञ्चालन किया। अंबेडकर जन्म शताब्दी वर्ष में सूर्य नगरी विचार मंच का गठन कर साल भर चलने वाली अंबेडकर व्याख्यान माला का आयोजन किया, जिसमें अनु.जाति/जनजाति शिक्षक संघ और भारतीय दलित साहित्य अकादमी को भी जोड़ा और अंबेडकर मिशन का प्रचार किया। अंबेडकर जन्म शताब्दी समारोह का गठन कर वृहद् स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करवाए। पाली और जोधपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रथम मूर्ति लगवाने हेतु आन्दोलन किया, जिसके प्रतिफल वहां मूर्तियाँ लग सकी।
विभिन्न संस्थाओं द्वारा आपको सम्मानित किया गया। समाज सेवा हेतु राजस्थान सरकार द्वारा जोधपुर जिले से, बौद्ध साहित्य में योगदान हेतु जैन-बौद्ध विभाग, काशी हिन्दू विश्व विद्यालय, बनारस ने तथा जन चेतना और अंबेडकर विचारधारा के प्रचार- प्रसार हेतु जय नारायण विश्वविद्यालय, जोधपुर जन चेतना और प्रजातान्त्रिक मूल्यों के संवर्धन हेतु जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर आदि द्वारा सम्मनित किया गया। बुद्ध विहार प्रबंधन समिति द्वारा त्रिरतन सम्मान, बुद्धा मिशन ऑफ इंडिया द्वारा करुणा मैत्री पुरस्कार, जाई बाई चौधरी ज्ञान पीठ, नागपुर द्वारा नालंदा भीम रतन प्रेस्टिजियस अवार्ड, भारतीय दलित साहित्य द्वारा अंबेडकर फैलोशिप अवार्ड, राहुल सांकृत्यायन अवार्ड तथा अन्य कई संस्थाओं द्वारा सम्मान, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार नवाजे गए।
श्री ताराराम, एक सम्मान समारोह के दौरान
बहुमुखी प्रतिभा के धनी ताराराम जी का विभिन्न क्षेत्रों में सदैव महत्वपूर्ण योगदान रहा। यूजीसी और विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित सेमिनारों व संगोष्ठियों में बौद्ध धर्म-दर्शन, अंबेडकर विचाधारा और दलित चेतना पर 6 दर्जन से अधिक शोध-पत्र पढ़े गए। शोधार्थियों की सहायता और मार्ग दर्शन हेतु बौद्ध अध्ययन और अनुसन्धान केंद्र की स्थापना की। 'धम्म पद : गाथा और कथा' सहित आपकी अभी तक बौद्ध धर्म-दर्शन, मनोविज्ञान और अम्बेडकर विचारधारा पर 18 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है।
Tararam

मेघवाल समाज का इतिहास

भारतवर्ष के सभ्यता इतिहास में पुरातन सभ्यताऐं सिन्धु घाटी, मोहनजोदडो जैसी सम्पन्न सभ्यताओं के पुरातन प्राप्त अवशेषों एवं भारत के कई प्राचीन ऋषि ग्रंथों में मेघवाल समाज की उत्पत्ति एवं उन्नति की जानकारीयां मिली हैं. साथ ही समाज के प्रात: स्मरणीय स्वामी गोकुलदास जी द्वारा सदग्रंथों से प्राप्त जानकारी के आधार पर भी समाज के सृजनहार ऋषि मेघ का विवरण ज्ञात हुआ है. मेघवाल इतिहास गौरवशाली ऋषि परम्पराओं वाला तथा शासकीय स्वरूप वाला रहा है. मेघऋषि का इतिहास भारत के उत्तर-पश्चिमी भूभाग की सरसब्ज सिन्धुघाटी सभ्यता के शासक एवं धर्म संस्थापक के रूप में रहा है जो प्राचीनकाल में वस्त्र उद्दोग, कांस्यकला तथा स्थापत्यकला का विकसित केन्द्र रहा था. संसार में सभ्यता के सूत्रधार स्वरूप वस्त्र निर्माण की शुरू आत भगवान मेघ की प्रेरणा से स्वयं भगवान शिव द्वारा ऋषि मेघ के जरिये कपास का बिजारोपण करवाकर कपास की खेती विकसित करवाई गयी थी. जो समस्त विश्व की सभ्यताओं के विकास का आधार बना. समस्त उत्तर-पश्चिमी भूभाग पर मेघऋषि के अनुयायियों एवं वंशजों का साम्राज्य था. जिसमें लोगों का प्रजातांत्रिक तरीके से विकास हुआ था जहां पर मानवमात्र एकसमान था. लेकिन भारत में कई विदेशी कबीले आये जिनमें आर्य भी एक थे, उन्होंने अपनी चतुराई एवं बाहुबल से इन बसे हुये लोगों को खंडित कर दिया तथा उन लोगों को | सम्पूर्ण भारत में बिखर जाने लिये विवस कर दिया. चूंकि आर्य समुदाय शासक के रूप में एवं सभी संसाधनों के स्वामी के रूप में यहां स्थापित हो चुके थे उन्होंने अपने वर्णाश्रम एवं ब्राह्मणी संस्कृति को यहां थोप दिया था. ऐसी हालत में उनसे हारे हुये मेघऋषि के वंशजों को आर्यों‌ द्वारा नीचा दर्जा दिया गया. जिसमें आज के वर्तमान के सभी आदिवासी, दलित एवं पिछडे लोग शामिल थेभारत में स्थापित आर्य सभ्यता वालों ने यहां पर अपने अनुकुल धर्म, परमपरायें एवं नियम, रिवाज आदि कायम कर दिये थे जिनमें श्रम सम्बन्धि कठिन काम पूर्व में बसे हुये लोगों पर थोपकर उनसे निम्नता का व्यवहार किया जाना शुरू कर दिया था तथा उन्हें पुराने काल के राक्षस, नाग, असुर, अनार्य, दैत्य आदि कहकर उनकी छवि को खराब किया गया. इन समूहों के राजाओं के धर्म को अधर्म कहा गया था. इस प्रकार इतिहास के अंशों को देखकर मेघऋषि के वंशजों को अपना गौरवशाली अतीत पर गौरवान्वित होना चाहिये तथा वर्तमान व्यवस्था में ब्राह्मणवादी संस्कृति के थोपी हुई मान्यताओं को नकारते हुये कलियुग में भगवान रामदेव एवं बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर के बताये आदर्शों पर अमल करते हुये अपने अधिकार प्राप्त करने चाहिये. समाज में मेघवंश को सबल बनाने के लिये स्वामी गोकुलदासजी महाराज, गरीबदास जी महाराज जैसे संत हुये हैं जिन्होंने मेघवाल समाज के गौरव को भारत के प्राचीन ग्रंथों से समाज की उत्पत्ति एवं विकास का स्वरूप उजागर कर हमें हमारा गौरवशाली अतीत बताया है. तथा हमें निम्नता एवं कुरीतियों का त्याग कर सत कर्मों की ओर बड़ने का मार्ग दिखाया है.

मेघवंश इतिहास

मेघजाति की उत्पत्ति एवं निकास की खोज स्वामी गोकुलदासजी महाराज डूमाडा (अजमेर) ने अपनी खोज एवं लेखन के जरिये मेघवाल समाज की सेवा में प्रस्तुत की है जो इस प्रकार है; सृष्टि के आदि में श्रीनारायण के नाभिकमल से ब्रह्मा, ब्रह्मा ने सृष्टि रचाने की इच्छा से सनक, सनन्दन, सनातन, सन्तकुमार इन चार ऋषियों को उत्पन्न किया लेकिन ये चारों नैष्टिक ब्रह्मचारी रहे फिर ब्रह्मा ने दस मानसी पुत्रों को उत्पन्न किया. मरीचि, अत्रि अंगिरा, पुलस्त्व, पुलह, क्रतु, भृगु, वशिष्ट, दक्ष, और नारद. ब्रह्मा ने अपने शरीर के दो खण्ड करके दाहिने भाग से स्वायम्भुव मनु (पुरूष) और बाम भाग से स्तरूपा (स्त्री) को उत्पन्न करके मैथुनी सृष्टि आरम्भ की. स्वायम्भु मनु स्तरुपा से 2 पुत्र - उत्तानपाद और प्रियव्रत तथा 3 कन्याऐं आकुति, प्रसूति, देवहूति उत्पन्न हुई. स्वायम्भु मनु की पुत्री आकुति का विवाह रूचिनाम ऋषि से, प्रसूति का दक्ष प्रजापति से और देवहुति का कर्दम ऋषि से कर दिया. कर्दम ऋषि के कपिल मुनि पैदा हुये जिन्होंने सांख्य शास्त्र बनाया. कर्दम ऋषि के 9 कन्याऐं हुई जिनका विवाह: कला का मरीचि से, अनुसूया का अत्रि से, श्रद्धा का अंगिरा ऋषि से, हवि का पुलस्त्य ऋषि से, गति का पुलह से, योग का क्रतु से, ख्याति का भृगु से, अरुन्धति का वशिष्ट से और शांति का अर्थवन से कर दिया. ब्रह्माजी के पुत्र वशिष्ट ऋषि की अरुन्धति नामक स्त्री से मेघ, शक्ति आदि 100 पुत्र उत्पन्न हुये. इस प्रकार ब्रह्माजी के पौत्र मेघ ऋषि से मेघवंश चला. वशिष्ट ऋषि का वंश सूर्यवंश माना जाता है. ब्रह्माजी के जिन दस मानसी पुत्रों का वर्णन पीछे किया गया है उन ऋषियों से उन्हीं के नामानुसार गौत्र चालू हुये जो अब तक चले आ रहे हैं. ब्रह्माजी के ये पुत्र, पौत्र और प्रपौत्र ही गुण कर्मानुसार चारों वर्णों में विभाजित हुये| श्रीमदभागवत में एक कथा आती है कि मान्धाता के वंश में त्रिशंकु नामक एक राजा हुये, वह सदेह स्वर्ग जाने के लिये यज्ञ की इच्छा करके महर्षि वशिष्ट के पास गये और इस प्रकार यज्ञ करने के लिये कहा. वशिष्ट‌जी ने यह कहकर इन्कार कर दिया कि मुझे ऐसा यज्ञ कराना नहीं आता. यह सुनकर वह वशिष्ट‌जी के 100 पुत्रों के पास जाकर उनसे यज्ञ करने को कहा. तब उन्होंने उस राजा त्रिशंकु को श्राप दिया कि तू हमारे गुरू का वचन झूंठा समझकर हमारे पास आया है इसलिये तू चांडाल हो जायेगा, वह चांडाल हो गया. फिर वह ऋषि विश्वामित्र के पास गया, विश्वामित्र ने उसकी चांडाल हालत देखकर कहा कि हे राजा तेरी यह दशा कैसे हुई. त्रिशंक ने अपना सारा वृतान्त कह सुनाया. विश्वामित्र उसका यह वृतान्त सुनकर अत्यन्त क्रोधित हुये और उसका वह यज्ञ कराने की स्वीकृति दे दी विश्वामित्र ने राजा त्रिशंकु के यज्ञ में समस्त ब्राह्मणों को आमंत्रण किया मगर वशिष्ट ऋषि और उनके 100 पुत्र यज्ञ में सम्मिलित नहीं हुये. इस पर विश्वामित्र ने उनको श्राप दिया कि तुम शूद्रत्व को प्राप्त हो जावो. उनके श्राप से वशिष्ट ऋषि की सन्तान मेघ आदि 100 पुत्र शूद्रत्व को प्राप्त हो गये|

हमारे उद्देश्य, मेघवाल समाज

मेघवाल समाज को सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक,सान्स्कृतिक, एवम् मानसिक रूप से समृध्द बनाना, प्रगति मे बाधक कार्य जैसे मृत्यु भोज, शराब सेवन, बाल विवाह, बहु विवाह, दहेज एवम् छुआछूत आदि कुप्रथाओ से छुटकारा दिलाने के प्रयास करना, राष्ट्रीयता की भावना जगाना, चरित्र निर्माण एवम् देशव सामाज मे स्वच्छ वातावरण बनाये रखने के प्रयास करना।समाज एवम् सामाजिक कार्यकर्ताओ पर होने वाले विजातिय शोषण, अत्याचारो एवम् अपराधो को रोकना
मेघवाल समुदाय समृद्ध सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, मानसिक और सांस्कृतिक और समाज के कमजोर लोगों का समर्थन की तरह प्रगति में बाधा कार्यों से छुटकारा पाना